रतलाम के पास राजधानी एक्सप्रेस में भीषण आग, दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग प्रभावित

रतलाम। त्रिवेंद्रम से हजरत निजामुद्दीन जा रही राजधानी एक्सप्रेस (12431) में रविवार तड़के भीषण आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हादसा मध्य प्रदेश के रतलाम रेल मंडल अंतर्गत लूणीरिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशन के बीच हुआ। आग लगने के कारण ट्रेन के दो कोच बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर रेल संचालन भी प्रभावित हो गया।

जानकारी के अनुसार रविवार सुबह करीब 5:20 बजे ट्रेन के बी-1 कोच से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। गार्ड ने तुरंत लोको पायलट को सूचना दी, जिसके बाद ट्रेन को तत्काल रोका गया। रेलवे कर्मचारियों और स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए करीब 68 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे कोचों में शिफ्ट किया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, रेलवे सुरक्षा बल, जिला प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जानकारी में किसी भी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है।

रतलाम रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि कोटा कंट्रोल से सुबह आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। इसके बाद रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन और टावर वैगन को तुरंत रवाना किया गया। रेलवे अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए।

घटना की गंभीरता को देखते हुए रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्वनी कुमार भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्यों का जायजा लिया। आग लगने के कारण दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ है और कुछ ट्रेनों को विभिन्न स्टेशनों पर रोका गया। फिलहाल रेलवे प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच में जुटा हुआ है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

हथियार तस्करी रोकने को मजबूत होगा इंटेलिजेंस नेटवर्क – डीएम गौरव कुमार

Sun May 17 , 2026
गोपेश्वर (चमोली)। चमोली के जिला जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अवैध हथियारों का व्यापार सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए उन्होंने पुलिस और प्रवर्तन एजेंसियों को समन्वय के साथ कार्य करते हुए मजबूत इंटेलिजेंस नेटवर्क विकसित करने के निर्देश दिए, ताकि हथियारों की तस्करी के संभावित मार्गों और संदिग्ध […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!