श्रद्धा, गुरुवाणी और सुरक्षा के बीच खुले हेमकुण्ड साहिब के कपाट

चमोली : श्री हेमकुण्ड साहिब के कपाट शनिवार को विधि-विधान, शबद कीर्तन एवं गुरुवाणी के मधुर स्वर के बीच श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए। इसके साथ ही सिख धर्म की आस्था के प्रमुख केंद्र एवं पवित्र तीर्थस्थल श्री हेमकुण्ड साहिब की वार्षिक यात्रा का शुभारंभ हो गया है।

कपाट खुलने की प्रक्रिया के तहत शुक्रवार को गोविन्दघाट गुरुद्वारा से ‘पंच प्यारों’ की अगुवाई में श्रद्धालुओं का पहला जत्था भारी उत्साह के साथ रवाना हुआ। बैंड-बाजों की धुन, पवित्र निशान साहिब और “बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयघोषों के बीच श्रद्धालु कड़ी पुलिस सुरक्षा में हेमकुण्ड साहिब की ओर बढ़े। यात्रा के दौरान जत्थे ने रात्रि विश्राम घांघरिया गुरुद्वारा में किया।

शनिवार प्रातः श्रद्धालु पवित्र धाम पहुंचे, जहां शुभ मुहूर्त में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। हर वर्ष मई-जून से प्रारंभ होकर अक्टूबर तक चलने वाली इस पावन यात्रा में देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने एवं शीश नवाने पहुंचते हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यात्रा को सुचारु और सुरक्षित बनाए रखने के लिए चमोली पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों पर पुलिस बल के साथ SDRF की टीमें भी तैनात की गई हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

चमोली पुलिस ने हेमकुण्ड साहिब एवं चारधाम यात्रा पर पहुंचे सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों का हार्दिक स्वागत करते हुए सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यात्रा की अपील की है।

इस अवसर पर पुलिस उपाधीक्षक होशियार सिंह पंखोली, प्रभारी निरीक्षक चित्रगुप्त, चौकी प्रभारी अमनदीप सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

कोटद्वार : काशीरामपुर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, हटाया गया अवैध अतिक्रमण

Sun May 24 , 2026
कोटद्वार : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त नीति के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल में प्रशासन द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देशों पर इसी क्रम में कोटद्वार के काशीरामपुर क्षेत्र में प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!